हिमाचल प्रदेश भीम आर्मी भारत एकता मिशन की कार्यकारिणी भंग

शिमला: आज भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव हितेश माही ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के विस्तार को ध्यान में रखते हुए भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर आजाद और भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय कुमार रतन को विश्वास में लेते हुए हिमाचल प्रदेश भीम आर्मी भारत एकता मिशन की कार्यकारिणी को भंग किया जा रहा है।

उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि गांव, विधानसभा स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक भीम आर्मी के प्रचार-प्रसार को प्राथमिकता दें। आपकी कार्य प्रणाली को ध्यान में रखते हुए नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। जब तक नई कार्यकारिणी का गठन नहीं हो जाता, तब तक कोई भी पदाधिकारी अपने पद का उपयोग नहीं कर पाएगा।

उन्होंने बताया कि जो भी पदाधिकारी समाज और संगठन के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं, उनसे निवेदन है कि वे अपना कार्य निरंतर जारी रखें। नई राज्य कार्यकारिणी के गठन के तुरंत बाद जिला, विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर भी कार्य शुरू किया जाएगा। सभी नियुक्तियां कर्मठता और संगठन के प्रति समर्पण को ध्यान में रखते हुए की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से या पूर्व पदाधिकारियों द्वारा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या टिप्पणी सोशल मीडिया पर की जाती है, तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी। भीम आर्मी भारत एकता मिशन हिमाचल प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय अनुशासन समिति इसका पूरी तरह से विरोध करती है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।