सिरमौर में धूमधाम से मना HPCA का 42वां स्थापना दिवस,10 अक्टूबर तक चलेगा सेवा पखवाड़ा

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (HPCA) का 42वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर एसोसिएशन की ओर से युवा खिलाड़ियों और बच्चों में लड्डू बांटे गए। कार्यक्रम के दौरान जिला युवा एवं खेल अधिकारी रमा शर्मा सिरमौर ने खुद उपस्थित रहकर बच्चों को मिठाइयां खिलाईं और उन्हें खेल के प्रति लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केवल मिठाइयां ही नहीं बांटी गईं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। सिरमौर क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव राजेंद्र बब्बी, कोच अनुदीप शर्मा और एसोसिएशन के सदस्यों ने नन्हे खिलाड़ियों और बच्चों के साथ मिलकर चम्बावाला मैदान में स्वच्छता अभियान चलाया। सभी ने मिलकर मैदान की सफाई की और खिलाड़ियों को खेल परिसरों को स्वच्छ रखने की प्रेरणा दी।

एसोसिएशन के महासचिव राजेंद्र बब्बी ने जानकारी देते हुए बताया कि HPCA का 42वां स्थापना दिवस केवल एक दिन तक सीमित न रहकर 10 अक्टूबर तक लगातार विभिन्न कार्यक्रमों के रूप में मनाया जाएगा। इस सेवा पखवाड़े के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे और ‘आस्था स्कूल’ के विशेष बच्चों के बीच भी फलों का वितरण किया जाएगा।

आगे की योजनाओं का विवरण देते हुए राजेंद्र बब्बी ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह की कड़ी में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘वन महोत्सव’ मनाया जाएगा, जिसमें पौधारोपण किया जाएगा। इसके अलावा, एक भव्य ‘रक्तदान शिविर’ (Blood Donation Camp) का आयोजन किया जाएगा और वरिष्ठ खिलाड़ियों को सम्मानित व खेल से जोड़े रखने के लिए एक ‘वेटरन क्रिकेट मैच’ भी खेला जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।