सभी वर्गों की आशाओं और अपेक्षाओं वाला बजट: अजय सोलंकी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन, 17 फरवरी: नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा आज वित्त वर्ष 2024-25 के लिए प्रस्तुत बजट को विकासोन्मुखी एवं जनहितैषी बताया है। विद्यायक ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा अपने दूसरे बजट में न केवल सभी वर्गों की आशाओं और अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास किया गया है अपितु यह भी सुनिश्चित बनाया गया है कि प्रदेश के विकास के लिए समुचित धनराशि उपलब्ध हो।
उन्होंने कहा कि किसान-बागवान की आर्थिकी को मज़बूत कर प्रदेश के विकास को सही दिशा देने के लिए प्रदेश सरकार कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सब्जी मण्डियों के डिजिटीकरण से किसानों को सही समय पर अपने उत्पाद का मूल्य मिलने में सहायता होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के घोषित 69 आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक उपकरणों की खरीद के लिए प्रति संस्थान एक-एक करोड़ रुपए की घोषणा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए वरदान सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में राज्य में 88 करोड़ रुपए व्यय कर पंचायत स्तर पर 493 पुस्तकालय स्थापित करने से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को उनके घर-द्वार के समीप पढ़ने की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
विद्यायक ने कहा कि डिजिटल मीडिया पॉलिसी-2024 के कार्यान्वयन से वेब चैनल और न्यूज़ वेबसाईट सहित सोशन मीडिया के माध्यम से सकारात्मक जानकारी का प्रसार करने वाले लाभान्वित होंगे।

उन्होंने कहा कि गत वर्ष आई आपदा के कारण कठिन परिस्थितियों से उबरते हुए प्रदेश सरकार हिमाचल को ठोस विकास की ओर ले जा रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने मंत्रिमण्डल के सहयोगियों, प्रदेश के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा जन-जन के सहयोग से विपरीत परिस्थितियों से उबारकर समृद्ध और विकसित हिमाचल की परिकल्पना को साकार करने के लिए सतत् कार्यशील है और इस दिशा में प्रदेश सरकार का यह द्वितीय बजट मील का पत्थर सिद्ध होगा।

व्यवस्था परिवर्तन के एक साल बेमिसाल तरीके से पूर्ण करते हुए सरकार ने बजट को प्रयोगात्मक तरीके से पेश किया है। यशस्वी मुखमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के आम जन मानस और प्रदेश की रीढ़ कहलाने वाले कर्मचारी वर्ग के उत्थान में इस बजट में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है। यह बजट किसी व्यक्ति विशेष से हटकर आम जनता को आत्म निर्भर बनाने हेतु पेश किया गया है।

बहुत ही सरहानीय ओर प्रशंसनीय तरीके से पेश किये गए इस बजट के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कोटि कोटि धन्यवाद किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।