JNV पूर्व छात्रों की बड़ी पहल, अरलू के 42 बच्चों को मिले ट्रैकसूट और जूते

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शिक्षक दिवस के अवसर पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला (GPS) अरलू के लिए बेहद ऐतिहासिक रहा। इस खास मौके पर एकलव्य कंप्यूटर अकादमी एवं लाइब्रेरी पांवटा साहिब के संचालक अजय तोमर (जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन, बैच 2016) द्वारा पाठशाला के 42 विद्यार्थियों को ट्रैकसूट और जूते वितरित किए गए।

उल्लेखनीय है कि 21 फरवरी 2026 को जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन के भूतपूर्व छात्र संगठन द्वारा सिरमौर जिले की समस्त राजकीय प्राथमिक पाठशालाओं को गोद लेने का संकल्प इसी पंचायत से शुरू किया गया था। इसी पहल के तहत 14 नवोदयन्स द्वारा 7 मई 2026 को जीपीएस अरलू को गोद लिया गया था, जिसके बाद से संगठन के सदस्य नियमित रूप से स्कूल का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान तहसीलदार विनोद कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों को नशे से दूर रहने के प्रति जागरूक किया और बच्चों को जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा के लिए अधिक से अधिक संख्या में तैयारी करने हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर जेएनवीएनएए (JNVNAA) के अध्यक्ष राम लाल शर्मा, डॉ. अमित वर्मा, जीएसएसएस भुजौंड के वाइस प्रिंसिपल पंकज कुमार, वेटनरी फार्मासिस्ट विनीत चौहान, स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान चंदर देव, वार्ड मेंबर सुरेश और ठेकेदार राजेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समस्त नवोदयन्स और ग्राम पंचायत भाटन भुजौंड के निवासियों ने अजय तोमर द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए किए गए इस सराहनीय सहयोग के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।