LR इंस्टीट्यूट सोलन में विशेष अभियान 6.0 का सफल आयोजन, पर्यावरण संरक्षण पर जोर

Photo of author

By Hills Post

सोलन: शिक्षा मंत्रालय और एनसीटीई (NCTE) के दिशा-निर्देशों पर चलते हुए एल.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, सोलन में अक्टूबर महीने का विशेष अभियान 6.0 सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भावी शिक्षकों में स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना जगाना था, जिसकी शुरुआत सभी छात्रों और शिक्षकों की स्वच्छता शपथ के साथ हुई।

पर्यावरण से जुड़ी गतिविधियों को लगातार जारी रखने के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर पल्लवी की देखरेख में एक इको क्लब का गठन किया गया, जिसके तहत एक पेड़ मां के नाम मुहिम चलाकर पौधारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण पर हुई क्विज प्रतियोगिता में 9 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें टीम 7 अनिरुद्ध, पलक और सुहानी ने पहला, जबकि टीम 2 गाथिका, अनुभूति और राजेश्वरी ने दूसरा स्थान हासिल किया। छात्रों ने रचनात्मकता दिखाते हुए ई-वेस्ट (खराब कीबोर्ड, माउस, सीडी और तारों) का बेहतरीन इस्तेमाल कर दीवार घड़ी, पेन स्टैंड और वर्किंग टॉर्च जैसे उपयोगी मॉडल भी बनाए।

इस खास मौके पर आईजीएमसी शिमला के प्रोफेसर व वैज्ञानिक डॉ. बृजेश सिंह चौहान और कम्युनिकेशन ट्रेनर भूपेश ने छात्रों को ई-कचरे के वैज्ञानिक निपटान, स्वच्छ आदतों और समाज के साथ बेहतर संवाद के गुर सिखाए। संस्थान की प्राचार्या डॉ. निशा शर्मा ने इस पहल की तारीफ करते हुए कहा कि पर्यावरण को बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है, और भावी शिक्षकों को आगे चलकर यही संस्कार अपने विद्यार्थियों और समाज तक पहुंचाने होंगे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।