जिला ऊना का प्राथमिकता के आधार संतुलित विकास करना मुख्य ध्येय – मुकेश अग्निहोत्री

ऊना, 30 जनवरी – राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के लोगों के कल्याणार्थ क्रियान्वित की जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों व कार्यक्रमों का लाभ आम लोगों तक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित  करने तथा लोगों की समस्याओं को उनके घर द्वार पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम बेहतरीन कार्यक्रम साबित हो रहा है। यह बात उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कुटलैैहड विधानसभा के गाँव बसाल में आयोजित सरकार गाँव के द्वार कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज में परिवर्तन व क्रांति लाने के एजेंडे पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वोट की राजनीति से ऊपर उठकर गरीब कल्याण की सेवा व जिला के संतुलित विकास के एजेंडे पर कार्य कर रही है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना जिला में पानी की समस्याओं का स्थाई रूप से हल करने के लिए पूरे जिला में करोड़ों रूपये पानी की स्कीमों पर खर्च किए जा रहें ताकि जिला के लोगों को पीने के लिए स्वच्छ जल व सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध करवाया जा सके।

una 4

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अनाथ बेसहारा बच्चों के लिए सुख आश्रय योजना शुरू की। इस योजना को शुरू करने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश ने राज्य के 4 हज़ार अनाथ बच्चों को सुख आश्रय योजना के तहत अपनाकर उन्हें चिल्ड्रन आॅफ द स्टेट का दर्जा दिया है। उन्होंने बताया कि जिला ऊना में 238 बच्चों को इस योजना में चिन्हित किया गया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के चलते राज्य को भारी नुक्सान उठाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित लोगों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए 45 सौ करोड़ रूपये का विशेष पैकेज़ जारी किया। इस विशेष आपदा राहत पैकेज़ के तहत पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए मकानों को पुनः बनाने के लिए सात-सात लाख रूपये तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए लोगों के आशियाने पुनः स्थापित करने के लिए एक-एक लाख रूपये की आर्थिक मदद प्रदान की गई ताकि बेघर हुए लोगों को अपना खुद का आशियाना बनाने में किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पडे़। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता संभालते ही कैबिनेट की पहली बैठक में राज्य के एक लाख 36 हज़ार कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना बहाल करके लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लोगों से जो भी वायदे किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल शक्ति विभाग के तहत 10 हज़ार नई भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पानी की प्रत्येक स्कीम पर विभाग के कर्मी नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि एचआरटीसी विभाग में 350 कंडक्टर व 350 चालकों की भी भर्तियां की जाएंगी। इसके साथ ही दर्शन सेवा योजना के तहत 175 रूटों पर नई बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक धार्मिक स्थलों के लिए दर्शन सेवा के लिए स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि हरिद्वार के लिए 50 बसें और अयोध्या के लिए 6 स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण व जीरणोद्धार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चिंतपूर्णी व बिजली महादेव, बाबा बालक नाथ में रोप-वे स्थापित किए जाएंगे ताकि लोगों को मंदिर तक जाने के लिए आसानी हो। उन्होंने बताया कि लोअर बंगाणा के लिए लगभग 44 करोड़ रूपये की स्कीम तैयार की है जिसकी शीघ्र आधाशिला रखी जाएगी ताकि क्षेत्र के लोगों को सुचारू रूप से पर्याप्त जल उपलब्ध करवाया जा सके।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बक्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी आग्रह किया कि यदि उनके ध्यान में ऐसा कोई मामला है जोकि नशे का व्यापार करता है तो उसे प्रशासन के ध्यान में लाया जाए। उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से आहवान किया कि वे धन दोगुना करने वाले लोगों के झांसे में भी न आएं। उन्होंने आम जन से आहवान किया कि जिला के निरंतर प्रगति के लिए विकास कार्यों में अपना बहु मूल्य सहयोग प्रदान करें।

सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में 38 विभिन्न समस्याएं तथा 45 मांगे प्राप्त हुई।