नाहन: खेल, पढ़ाई और कला में निपुण दीक्षित पहुंचे फुटबॉल में राष्ट्रीय मंच पर

नाहन: कैंट हाई स्कूल की मुख्याध्यापिका सीमा ने गर्व के साथ बताया कि उनके स्कूल के 8वीं कक्षा के छात्र दीक्षित वर्मा का चयन U-14 राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। सिरमौर जिले से कुल चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिसमें तीन खिलाड़ी अजय शर्मा , नमन ठाकुर और अक्षय शर्मा पांवटा साहिब से हैं और दीक्षित शिलाई के उतरी गांव का निवासी है। दीक्षित के पिता मजदूरी करते हैं और उनकी माता गृहिणी हैं।

स्कूल के PET नरेश शर्मा ने बताया कि दीक्षित ने हाल ही में बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत उसे राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिला है। वह टीम में फॉरवर्ड के रूप में खेलता है। यह U-14 प्रतियोगिता कोल्हापुर महाराष्ट्र में 25 अप्रैल से 29 अप्रैल तक खेली जाएगी। इस U-14 राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता की तैयारी के लिए हिमाचल की टीम का कैंप 15 अप्रैल से 21 अप्रैल तक बिलासपुर जिला में आयोजित किया गया।

नरेश शर्मा ने बताया कि दीक्षित न केवल खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करता है, बल्कि पढ़ाई में भी अव्वल रहता है। इसके अलावा, वह ढोलक बजाने, लेखन और भाषण कला में भी निपुण है। उन्होंने बताया कि दीक्षित हर रोज़ सुबह 4 बजे मैदान में पहुंचकर अभ्यास करता है, जो उसकी कड़ी मेहनत और समर्पण को दर्शाता है। नरेश शर्मा ने यह भी बताया कि दीक्षित तीन भाई-बहनों में से एक है, और तीनों ही बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेते हैं।

मुख्याध्यापिका और PET नरेश शर्मा दोनों ने दीक्षित की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उसे भविष्य में और ऊंचाइयों तक पहुँचने की शुभकामनाएं दीं। दीक्षित ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मुख्याध्यापिका सीमा और PET नरेश शर्मा को दिया, जिन्होंने उसकी तैयारी में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed