नौणी यूनिवर्सिटी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, वरिष्ठों को सौंपी गई नई जिम्मेदारियां

सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने अपने शैक्षणिक और अनुसंधान कार्यों को और मजबूत करने के लिए एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कई वरिष्ठ संकाय सदस्यों को नई और अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

इस बदलाव के तहत हमीरपुर जिले में स्थित कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, नेरी में डॉ. रमेश कुमार भारद्वाज ने नए अधिष्ठाता (डीन) का पदभार संभाल लिया है। तीन दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाले डॉ. भारद्वाज का सब्जी प्रजनन, फसल सुधार, हाइब्रिड किस्में तैयार करने और बीज उत्पादन तकनीक में बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की अखिल भारतीय समन्वित सब्जी फसल अनुसंधान परियोजना समेत कई बड़े राष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स का सफल नेतृत्व किया है। उन्हीं के प्रयासों से सोलन केंद्र को देश के सर्वश्रेष्ठ सब्जी फसल केंद्रों में स्थान मिला था।

डॉ. एस.के. भारद्वाज बने नए डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर

विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में डॉ. एस.के. भारद्वाज को नया अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर) नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह पर्यावरण विज्ञान विभाग के प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। पर्यावरण वैज्ञानिक के रूप में पहचान रखने वाले डॉ. भारद्वाज मिट्टी और जल प्रदूषण की निगरानी, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय आकलन के विशेषज्ञ हैं। उन्हें भी शिक्षण और रिसर्च के क्षेत्र में 30 साल से ज्यादा का लंबा अनुभव है।

इन विभागों को भी मिले नए विभागाध्यक्ष

पर्यावरण विज्ञान विभाग: डॉ. पी.के. बवेजा को इस विभाग का नया प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले वह प्रसार शिक्षा निदेशालय में संयुक्त निदेशक के पद पर थीं। उनकी मौसम आधारित कृषि सलाहकार सेवाओं का ही नतीजा है कि आज एसएमएस के जरिए राज्य के 2.30 लाख से ज्यादा किसान लाभ उठा रहे हैं।

बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग: मुख्य परिसर के इस विभाग में डॉ. बलबीर सिंह डोगरा ने प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष का जिम्मा संभाला है। इससे पहले वह नेरी कॉलेज में सब्जी विज्ञान विभाग के मुखिया थे। सब्जी प्रजनन और बीज उत्पादन के विशेषज्ञ डॉ. डोगरा के पास इस क्षेत्र में 27 वर्षों का लंबा अनुभव है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरमिंदर सिंह बवेजा ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने भरोसा जताया कि ये सभी वरिष्ठ शिक्षाविद अपनी नई भूमिकाओं में विश्वविद्यालय के शिक्षण, अनुसंधान और प्रसार कार्यक्रमों को और अधिक सशक्त बनाएंगे और संस्थान को कामयाबी के नए शिखर पर ले जाएंगे।

Photo of author

संजीव अवस्थी

समाचार रिपोर्टिंग में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। हिमाचल प्रदेश के कुछ सबसे प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्रों में व्यापक योगदान दिया है। पिछले कई वर्षों से, विभिन्न ऑनलाइन समाचार प्लेटफार्मों के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और बदलते डिजिटल मीडिया परिदृश्य के साथ तालमेल बिठाते रहे हैं।