NCC शिविर में कर्नल सिद्धू ने कैडेट्स को दी भारतीय सेना में करियर बनाने की जानकारी

Photo of author

By Hills Post

सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में फर्स्ट एचपी (ब्वॉयज) बटालियन सोलन द्वारा आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक NCC प्रशिक्षण शिविर के छठे दिन कैडेट्स को देश सेवा और सेना में एक शानदार करियर चुनने को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया। शिविर में भाग ले रहे प्रदेशभर के सैकड़ों एनसीसी कैडेट्स को आर्मड फोर्सेज में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर के छठे दिन के विशेष सत्र में एडम ऑफिसर कर्नल ए.एस. सिद्धू ने मुख्य वक्ता के रूप में कैडेट्स से सीधा संवाद किया। उन्होंने युवाओं को विस्तार से जानकारी दी कि वे NCC प्रशिक्षण के बाद भारतीय सेना को किस प्रकार अपने करियर और जीवन के गौरवशाली हिस्से के रूप में चुन सकते हैं। कर्नल सिद्धू ने सेना में अधिकारी और अन्य रैंकों पर चयन के लिए होने वाली विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं और सामान्यतः किन-किन शारीरिक, मानसिक और लिखित चरणों से गुजरना पड़ता है, इसकी पूरी प्रक्रिया को बेहद सरल ढंग से समझाया।

शिविर की प्रगति पर जानकारी देते हुए कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव थॉमस ने बताया कि इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए हर बारीकी पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान कैडेट्स को कड़े अनुशासन में रखते हुए सैन्य ड्रिल, अत्याधुनिक हथियारों की सामान्य तकनीकी जानकारी, युद्ध क्षेत्र के लिए बेहद जरूरी मैप रीडिंग, कठिन शारीरिक प्रशिक्षण, योग, सामयिक विषयों पर समूह चर्चा तथा विभिन्न साहसिक एवं सामूहिक गतिविधियों का गहन व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कर्नल थॉमस ने उम्मीद जताई कि यह कड़ा प्रशिक्षण इन युवाओं को भविष्य में देश का एक जिम्मेदार और जांबाज नागरिक बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

इस दौरान सूबेदार मेजर सुनील राणा, ट्रेनिंग जेसीओ अतीक रहमान, नौणी यूनिवर्सिटी के एएनओ डॉ. सुभाष शर्मा सहित बटालियन के अन्य सैन्य अधिकारी, विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों से आए एएनओ और सैन्य इंस्ट्रक्टर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।