सोलन में कांग्रेस को नई ऊर्जा दे गया प्रियंका गांधी का रोड़ शो

 सोलन: लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में चुनाव प्रचार बंद होने से पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने सोलन में रोड शो के माध्यम से सोलन कांग्रेस को नई ऊर्जा दे गया।  चुनाव प्रचार के अंतिम कड़ी में प्रियंका गांधी के रोड शो में भारी भीड़ जुटी और प्रियंका ने भी किसी को निराश नहीं किया। सोलन के मालरोड पर धीरे-धीरे उनका चुनावी रथ आगे बढ़ रहा था और वह सडक़ के दोनों ओर खड़े लोगों का अभिवादन स्वीकार करती रही।

priyanka solan

सोलन के अग्रसेन चौक पर ढोल की थाप पर प्रियंका पहले तालियां बजाती रही और अपने वाहन पर डांस भी किया। इससे लोग काफी उत्साहित दिखे। इसके बाद उनका रोड शो ओल्ड बस स्टैंड, मालरोड, ओल्ड डीसी ऑफिस व शहर के अन्य हिस्सों में भी गया, जहां पुलिस को भीड़ को कंट्रोल करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

डेढ़  दशक से भाजपा के कब्जे में है शिमला सीट

 शिमला सीट पिछले डेढ़ दशक से भाजपा के कब्जे में है और इस बार इस सीट  पर कांग्रेस कब्जा जमाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। इस सीट पर भाजपा तीन बड़ी रैलियां कर चुकी है। प्रधानमंत्री की नाहन रैली, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की कुनिहार व रोहडू की रैली शामिल है। कांग्रेस भी इस सीट को हर हाल में अपने पक्ष में करने के लिए नाहन में राहुल गांधी की रैली के बाद सोलन जिला मुख्यालय में भी चुनावी माहौल बनाने के लिए चुनाव प्रचार बंद होने से कुछ घंटे पहले ही प्रियंका का रोड शो करके कांग्रेस ने चुनावी माहौल बनाया है।

 कांग्रेस के सहयोगी दलों ने भी लिया रोड शो में भाग

सोलन में वीरवार को आयोजित प्रियंका गांधी के रोड शो में कांग्रेस के अग्रणी संगठन महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस,कांग्रेस सेवा दल, एनएसयूआई, सहयोगी दल आम आदमी पार्टी, सीपीएम, एटक व सीटू के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वह भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए एकजुट हैं।

ये रहे मौजूद

इस दौरान उन्होंने शिमला संसदीय सीट से  कांग्रेस के प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के पक्ष यह रोड शो किया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धनीराम शांडिल, पंचायतीराज मंत्री अनिरूद्ध सिंह, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी व राम कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। इसके अलावा जिला कांग्रेस के अध्यक्ष शिव कुमार, वरिष्ठ नेता राहुल सिंह ठाकुर, सोलन की मेयर ऊषा शर्मा, पूर्व मेयर पूनम ग्रोवर, विनोद कुमार,अजय कंवर सहित अन्य मौजूद रहे।