रेणुका बांध विस्थापितों का विरोध प्रदर्शन, लंबित मांगों पर कार्रवाई न होने पर निर्माण कार्य रोकने की चेतावनी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : आज रेणुका जी में रेणुका बांध विस्थापित संघर्ष समिति द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया, जिसमें डैम प्रशासन का घेराव किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बांध प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की, क्योंकि उनकी वर्षों से लंबित मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा विस्थापितों के पुनर्वास और मुआवजे की मांगों से जुड़ा है, जिसे लेकर संघर्ष समिति लंबे समय से लड़ाई लड़ रही है।

प्रदर्शनकारियों ने विशेष रूप से लैंडलेस विस्थापितों की सूची जारी करने की मांग की। समिति ने चेतावनी दी है कि अगर एक महीने के अंदर यह सूची नहीं आती है, तो अगले विरोध प्रदर्शन की योजना जिला मुख्यालय नाहन में बनाई जाएगी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बांध प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है और उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

रेणुका बांध विस्थापित संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय ठाकुर ने बताया कि अगर प्रशासन उनकी मांगों को जल्द नहीं मानता, तो समिति बांध के निर्माण कार्य को बाधित करने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन भविष्य में और उग्र हो सकता है और बांध परियोजना के काम को भी रोका जा सकता है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।