PRSI शिमला चैप्टर की वार्षिक आम बैठक संपन्न, मार्च 2027 में होंगे चुनाव

Photo of author

By Hills Post

शिमला: पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) शिमला चैप्टर की वार्षिक आम बैठक मंगलवार को द माल स्थित नलनी रेस्टोरेंट में आयोजित की गई। इस बैठक में संस्था के करीब 25 सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान संस्था के अध्यक्ष रणवीर वर्मा ने पीआरएसआई शिमला चैप्टर द्वारा पिछले एक वर्ष में किए गए कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया। इसके साथ ही सचिव देवकन्या ठाकुर ने उपस्थित सदस्यों को संस्था के कामकाज और गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी मार्च 2027 में संस्था के चुनाव संविधान के अनुसार करवाए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए डॉ. जी. डी. गुलाटी, तेजराम शर्मा और डॉ. ओम पाल शर्मा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। आगामी चुनाव इन्हीं तीनों सदस्यों की देखरेख में संपन्न होंगे।

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक बी.डी. शर्मा ने अपने विचार रखते हुए पब्लिक रिलेशंस और मीडिया के क्षेत्र में लगातार बढ़ती चुनौतियों पर चिंता व्यक्त की। वहीं, पीआरएसआई शिमला चैप्टर के उपाध्यक्ष डॉ. विजेंद्र पंवार ने संस्था की गतिविधियों को पूरे प्रदेश में और अधिक तेज करने का सुझाव दिया। इनके अलावा डॉ. जी. डी. गुलाटी और अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार साझा किए। बैठक में अशोक शर्मा, यादवेंद्र सिंह चौहान, लाभ सिंह, यशपाल कपूर, ओमपाल शर्मा, देशराज पठानिया, रोहित शर्मा, नीतू वर्मा, हेमलता शर्मा, राजेंद्र कुमार, रोबिन शर्मा, अंकुश डोभाल और कार्तिक सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed