सोलन: चूड़ेश्वर लोक नृत्य सांस्कृतिक मंडल, पझौता के लोक कलाकार इन दिनों दिल्ली हाट में आयोजित किए जा रहे हिम महोत्सव में भाषा एवं संस्कृति विभाग के सौजन्य से विभिन्न नृत्य विधाओं की प्रस्तुतियां दे रहे हैं।  
 मंडल के निदेशक जोगिंद्र हाब्बी ने  बताया कि हिम महोत्सव का आयोजन उद्योग विभाग, हिम क्राफ्ट, पर्यटन विभाग, भाषा  एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश के संयुक्त तत्वधान में 17 से 30 दिसंबर तक किया जा रहा है। इस महोत्सव का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया था।  

क्या है उद्देश्य…

हिम महोत्सव आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के स्थानीय उत्पाद व क्राफ्ट, पर्यटन, लोक संस्कृति और लोक व्यंजनों की और पर्यटकों को आकर्षित करना है।
महोत्सव में क्राफ्ट का विशाल बाजार लगा है और देश व विदेशों से आए हजारों पर्यटक हस्तशिल्प खरीद कर प्रदेश में बने क्राफ्ट व अन्य उपयोगी सामान को अपने घरों को ले जा रहे हैं। हिम महोत्सव में पर्यटन विभाग द्वारा लगाए गए लोक व्यंजनों के स्टॉल पर सीड्डू, इंडरे, चंबा का मदरा, मंडी की सेपू बड़ी आदि व्यंजनों का हिमाचली बोटी धाम में हजारों की संख्या में पर्यटक आनन्द ले रहे हैं।

ये प्रस्तुतियां दी कलाकारों ने

निदेशक भाषा एवं संस्कृति विभाग डॉ पंकज ललित के निर्देशानुसार एवं सहायक निदेशक बिहारी लाल शर्मा के निर्देशन में प्रतिदिन हिम महोत्सव के मुख्य मंच पर लोक नृत्यों एवं लोक गायन की प्रस्तुतियां दी जा रही है। चूड़ेश्वर लोक नृत्य सांस्कृतिक मंडल के कलाकारों द्वारा इस महोत्सव में सिरमौरी हाटी की नाटी के प्रदर्शन के दौरान आदिकालीन ठोडा नृत्य, रिहाल्टी गी, दीपक नृत्य, परात नृत्य, रासा नृत्य तथा जिला सिरमौर के प्रसिद्ध आदिकालीन सिंहटू नृत्य आदि विभिन्न नृत्य विधाओं की प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।
इसी प्रकार दर्शकों के समक्ष पारंपरिक पढुंआं नृत्य तथा लम्बड़ा हास्य नृत्य नाटिका भी चूड़ेश्वर के लोक कलाकार प्रदर्शित कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूट रहे हैं।

लोक नृत्यों के अलावा मशहूर लोक गायक रामलाल वर्मा, गोपाल हाब्बी, बिमला चौहान, सुनील चौहान लोकगीतों द्वारा दर्शकों की खूब तालियां बटोर रहे हैं। चूड़ेश्वर मण्डल के कलाकारों के अलावा इस महोत्सव में चंबा के कलाकारों द्वारा मुसादा लोक गायन और मंडी के लोक वादक दल द्वारा प्रतिदिन लोक तालों की प्रस्तुतियां भी दी जा रही है।
इसके अलावा चूड़ेश्वर मंडल के कलाकारों में चमन, अमीचन्द, मनमोहन, सरोज, अनुजा, आरती, पायल, ज्योति, प्रीति,  देवीराम, रवि दत, संदीप आदि लोक कलाकारों ने भी हिम महोत्सव में दी जा रही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version