शिमला: युवा पीढ़ी में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय और एसजेवीएन (SJVN) की ओर से शुक्रवार को शिमला स्थित कॉरपोरेट मुख्यालय में राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान–2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में पहुंचने पर एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा, निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने राज्यपाल का हार्दिक स्वागत किया।

इस अवसर पर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों की पुरस्कार विजेता पेंटिंग्स की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने युवा कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण के महत्व को बेहद प्रभावी ढंग से समझाया है। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण और सतत प्रथाओं को बढ़ावा देने में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और नोडल एजेंसी एसजेवीएन के सामूहिक प्रयासों की भी प्रशंसा की।
विजेताओं को मिले नकद पुरस्कार, दिल्ली में दिखाएंगे प्रतिभा
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विषय ‘ऊर्जा बचाएँ, भविष्य सुरक्षित बनाएँ’ और ‘बीईई स्टार लेबलों की चमकार, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार’ रखे गए थे। राज्यपाल ने ग्रुप ‘ए’ (कक्षा 5 से 7) और ग्रुप ‘बी’ (कक्षा 8 से 10) में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 50 हजार, 30 हजार और 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। इसके अलावा दोनों श्रेणियों में 10-10 प्रोत्साहन पुरस्कार (प्रत्येक 7,500 रुपये) दिए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न और 2,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। दोनों ग्रुप के शीर्ष तीन विजेता अब 11 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली में ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE) द्वारा आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रदेश भर से 2.38 लाख से अधिक छात्रों ने लिया भाग
कार्यक्रम के दौरान निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के सभी जिलों के 5,126 विद्यालयों से कुल 2,38,548 विद्यार्थियों ने स्कूल स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इनमें से एक प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल ने ग्रुप ‘ए’ और ग्रुप ‘बी’ से 55-55 सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग्स का चयन किया, जिनके रचनाकारों ने आज राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया। गौरतलब है कि एसजेवीएन वर्ष 2005 से विद्युत मंत्रालय, ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, राज्य सरकार और शिक्षा विभाग के सहयोग से हिमाचल में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान के लिए नोडल एजेंसी के रूप में काम कर रहा है।