सिरमौर में 203 वन मित्रों को प्रशिक्षण: आगजनी व खतरों से वनों की सुरक्षा के लिए तैयारी

नाहन : प्रदेश सरकार वन संपदा को सुरक्षित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठा रही है। इस कड़ी में प्रदेश सरकार द्वारा वन मित्र योजना आरम्भ की गई। हाल ही में प्रदेश में वन मित्रों को नियुक्त भी किया गया है। योजना के तहत नवनियुक्त वन मित्रों की कार्यशैली को बेहतर बनाने के लिए अब विभाग द्वारा इन्हें प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।

वन मित्रों की नियुक्ति से जहां एक ओर युवाओं को रोजगार उपलब्ध हो रहा है, वहीं वन विभाग को आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता भी सुनिश्चित हुई है। वन मित्र योजना के तहत जिला सिरमौर में 203 वन मित्रों का चयन किया गया है, जिन्हें आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है तथा प्रशिक्षण के उपरांत इन्हें वन बीटों में तैनात कर दिया जाएगा।

वन अरण्यपाल सिरमौर वसंत किरण ने जानकारी देते हुए बताया कि सिरमौर जिला में 4 वन मंडल हैं, जिसमें नाहन, पांवटा साहिब, रेणुकाजी व राजगढ़ शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी चारों वन मंडलों में 2-2 स्थानों पर नव नियुक्त वन मित्रों को विभाग द्वारा 5 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में वन विभाग की कार्य प्रणाली व वन मित्रों के दायित्व व अन्य कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है तथा प्रशिक्षण के दौरान उन्हें फिल्ड़ विजिट करवाने के साथ-साथ रिपोर्टिंग व फायर सीजन के दौरान उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों के बारे में भी प्रशिक्षित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वन मित्रों की नियुक्ति से वन विभाग को आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध हुए है जिससे विशेष कर गर्मियों में वनों में आगजनी से वन्य प्राणी व वन सम्पदा के संरक्षण व अन्य जानमाल के नुकसान को रोकने में सहायक सिद्ध होंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed