UP और हिमाचल के तस्करों का गठजोड़ फेल: पावंटा साहिब में दबोचे दो नशा तस्कर

नाहन : सिरमौर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पावंटा साहिब ट्रक यूनियन के पास एक टेम्पो से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ जारी है।

जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल की रात जब पुलिस की स्पेशल टीम गश्त पर थी, तो उन्हें गुप्त सूचना मिली कि रविकान्त उर्फ बन्टी (निवासी जामनीवाला, पावंटा साहिब) अपने टेम्पो (HP17G-2868) में भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल लेकर घूम रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि उसके साथ उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का रहने वाला विकास भी मौजूद है और दोनों इस समय ट्रक यूनियन के पास खड़े हैं।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। जब टेम्पो की तलाशी ली गई, तो कुल 1104 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने तुरंत नशीली खेप को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस थाना पावंटा साहिब में दोनों आरोपियों के खिलाफ ND&PS एक्ट की धारा 22 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इन आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया में है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि इतनी बड़ी खेप ये कहां से लाए थे और किसे बेचने की फिराक में थे। पुलिस को उम्मीद है कि इनसे पूछताछ में नशा तस्करी के एक बड़े रैकेट का खुलासा हो सकता है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।