Hills Post

सोलन जिला पत्रकार संघ के प्रधान बने विशाल वर्मा, एकतरफा जीत

सोलन: सोलन जिला पत्रकार संघ (पंजीकृत) के शुक्रवार को संपन्न द्विवार्षिक चुनावों में प्रधान पद के प्रत्याशी विशाल वर्मा ने त्रिकोणीय मुकाबले में एकतरफा जीत हासिल की। वहीं, महासचिव पद के लिए कड़े मुकाबले में धर्मेंद्र डढवाल ने ललित कश्यप को एक मत से पराजित किया। इस पद पर सीधी टक्कर में एक वोट रद्द किया गया।

पिछले कई दिनों से सोलन जिला पत्रकार संघ के द्विवार्षिक चुनावों की सरगर्मियां चल रही थी। इन चुनावों में प्रधान और महासचिव पद पर चुनावों की घोषणा के साथ ही यशपाल कपूर को चुनाव अधिकारी और अमित चोपड़ा व एसपी शर्मा को सहचुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया था। शुक्रवार को चुनाव अधिकारियों की देखरेख में पूरी लोकतांत्रिक प्रणाली से इन दोनों पदों के लिए चुनाव संपन्न हुए।

solan press1

प्रधान पद के लिए विशाल वर्मा, सुखदर्शन ठाकुर व पुनीत वर्मा में त्रिकोणीय मुकाबला था, जबकि महासचिव पद पर धर्मेंद्र डढवाल का सीधा मुकाबला ललित कश्यप से तय हुआ था। सुबह 10 बजे मतदान प्रक्रिया आरंभ हुई, जो सायं 3 बजे तक चली। संघ के कुल 51 सदस्यों में से 48 सदस्यों ने अपने मत का प्रयोग किया।

चुनाव परिणामों की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी यशपाल कपूर ने बताया कि प्रधान पद के लिए विशाल वर्मा को निर्वाचित घोषित किया गया है। उन्होंने 24 मत प्राप्त किए जबकि उनके प्रतिद्वंद्वियों ने 12-12 मत प्राप्त किए। महासचिव पद पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें धर्मेंद्र डढवाल एक मत से विजेता घोषित हुए। उनके प्रतिद्वंद्वी ललित कश्यप ने 23 मत प्राप्त किए जबकि एक मत रद्द किया गया।

नवनिर्वाचित प्रधान विशाल वर्मा व महासचिव धर्मेंद्र डढवाल ने इस मौके पर कहा कि वह सभी को साथ लेकर संगठन को आगे बढ़ाने का हर संभव प्रयास करेंगे।

Demo