सोलन: एल.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, सोलन में फार्मेसी वीक का भव्य आयोजन किया गया। इस सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, अकादमिक ज्ञान और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई शैक्षणिक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियां आयोजित की गई।
फार्मेसी वीक के अंतर्गत पोस्टर प्रेजेंटेशन, साइ-टून गतिविधि, लीफलेट प्रतियोगिता, पैनल डिस्कशन, फार्मा क्विज़, नुक्कड़ नाटक, रील मेकिंग प्रतियोगिता और जागरूकता रैली जैसी अनेक आकर्षक गतिविधियां आयोजित की गईं। इन सभी आयोजनों में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लेते हुए अपनी छिपी हुई प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

विशेष रूप से नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैलियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को स्वास्थ्य, दवाइयों के सही उपयोग और फार्मेसी से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया। वहीं, फार्मा क्विज़ और पैनल डिस्कशन जैसी गतिविधियों ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और तार्किक क्षमता को नई दिशा प्रदान की।
फार्मेसी वीक के समापन अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने शिरकत की, जिनमें डॉ. अक्षय गर्ग मानसिक रोग विभाग, महर्षि मार्कंडेश्वर विश्वविद्यालय, सोलन, डॉ. संदीप अस्थि रोग विभाग, महर्षि मार्कंडेश्वर विश्वविद्यालय, सोलन, डॉ. अशोक शर्मा सह-प्राध्यापक, आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी, बद्दी, सुश्री रंजना क्लिनिकल फार्मासिस्ट, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नौणी शामिल रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की मेहनत और रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए उनका मार्गदर्शन किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान एलआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स की प्रबंध निदेशक डॉ. शचि सिंह, अकादमिक डीन प्रो. पी.पी. शर्मा और फार्मेसी विभाग के प्राचार्य प्रो. अवनीत गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों, मुख्य अतिथियों और आयोजन से जुड़े शिक्षकों को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को इसी प्रकार ज्ञान, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
यह फार्मेसी वीक विद्यार्थियों के लिए सीखने, अपनी कला को अभिव्यक्त करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का एक अत्यंत यादगार और प्रेरणादायक मंच साबित हुआ।