सोलन: जिला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 36.97 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार कंडाघाट क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान की।
पुलिस के अनुसार, एसआईयू टीम को सूचना मिली थी कि एक किराये की टैक्सी में सवार दो युवक नशीला पदार्थ लेकर जा रहे हैं। इस पर टीम ने कंडाघाट क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध टैक्सी को चेकिंग के लिए रोका। तलाशी लेने पर गाड़ी में बैठे दोनों युवकों के कब्जे से कुल 36.97 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरि सिंह (30) पुत्र जिया लाल निवासी गांव शानी, डाकघर तांदी, तहसील आनी जिला कुल्लू और संजय उर्फ बाबू (24) पुत्र बन्दे कजर निवासी पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के समीप, पाट बंगला, रामपुर बुशहर, तहसील रामपुर जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर पुलिस थाना कंडाघाट में मामला दर्ज कर लिया है। गहन पूछताछ के बाद शनिवार को ही दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले की आगामी जांच के लिए दोनों आरोपियों को आगे पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।