सोलन: कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा में शनिवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के तत्वावधान में मूल्य शिक्षा विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यशाला का उद्देश्य स्कूल के शिक्षकों को आधुनिक और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराना था, ताकि वे विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों का संचार कर सकें।

यह कार्यशाला स्कूल के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. संजीव मैनरा तथा प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन और देखरेख में आयोजित की गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि शिक्षक किताबी ज्ञान के साथ-साथ छात्र-छात्राओं के भीतर दूसरों के प्रति संवेदनशील और जीवन में ईमानदार बनने की प्रेरणा देना, आपसी आदर, शिक्षकों, माता-पिता और समाज के प्रति सम्मान को बढ़ावा देना तथा छात्रों को देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने वाले एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना था।
इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन सीबीएसई की अनुभवी संसाधन व्यक्तियों सुश्री इरिन दास एवं सुश्री ईशा मोरे द्वारा किया गया। दोनों मुख्य वक्ताओं ने बेहद ही सरल और प्रभावी ढंग से शिक्षकों को मूल्य-आधारित शिक्षा की महत्ता समझाई। रिसोर्स पर्सन्स ने विभिन्न सहभागितापूर्ण गतिविधियों, रोल प्ले और सामूहिक विचार-विमर्श के माध्यम से शिक्षकों को सिखाया कि कैसे नियमित पाठ्यचर्या और रोज़मर्रा के कक्षा शिक्षण के बीच में ही नैतिक मूल्यों को सहजता से शामिल किया जा सकता है।
इस एक दिवसीय कार्यशाला में भाग लेने वाले सभी शिक्षकों के लिए यह सत्र अत्यंत ज्ञानवर्धक, व्यावहारिक और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। शिक्षकों का कहना था कि इस ट्रेनिंग से उन्हें अपनी शिक्षण शैली को अधिक विद्यार्थी-केंद्रित और जीवन-उपयोगी बनाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के सफल समापन पर कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल परिवार ने दूर-दूर से पहुंचे दोनों संसाधन व्यक्तियों तथा अन्य प्रतिभागी शिक्षकों का इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सहृदय आभार व्यक्त किया।