सोलन: कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा में मंगलवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के तत्वावधान में हैप्पी क्लासरूम विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्कूल के शिक्षकों को ऐसी प्रभावी रणनीतियों से अवगत कराना था, जिससे वे कक्षाओं में एक सकारात्मक, आनंदमय और पूरी तरह से तनावमुक्त शिक्षण वातावरण का निर्माण कर सकें।

यह महत्वपूर्ण कार्यशाला विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. संजीव मैनरा तथा प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन और देखरेख में आयोजित की गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि आज के आधुनिक और प्रतिस्पर्धी दौर में बच्चे बिना किसी मानसिक दबाव के शिक्षा ग्रहण कर सकें। इसके लिए शिक्षकों को कक्षा के भीतर शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच आपसी विश्वास और सकारात्मक संबंधों को मजबूत करना। हर बच्चे को कक्षा की गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल होने के लिए प्रेरित करना, किताबी ज्ञान के साथ-साथ छात्र-छात्राओं के मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना था ।
इस उच्च स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन सीबीएसई की प्रतिष्ठित और अनुभवी संसाधन व्यक्तियों श्रीमती कविता शर्मा एवं श्रीमती नम्रिता जेम्स द्वारा किया गया। दोनों मुख्य वक्ताओं ने बेहद ही रोचक और व्यावहारिक तरीके से शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। रिसोर्स पर्सन्स ने केवल व्याख्यान देने के बजाय विभिन्न सहभागितापूर्ण गतिविधियों सामूहिक विचार-मंथन और व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से शिक्षकों को सिखाया कि कैसे खेल-खेल में और खुशनुमा माहौल बनाकर बच्चों को कठिन से कठिन विषय आसानी से समझाए जा सकते हैं।
इस एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी शिक्षकों के लिए यह सत्र अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और दैनिक शिक्षण के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध हुआ। शिक्षकों का मानना था कि इन आधुनिक तकनीकों को अपनाने से स्कूल का माहौल और अधिक विद्यार्थी-केंद्रित बनेगा।
कार्यक्रम के सफल समापन पर कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल परिवार ने दूर-दूर से पहुंचे दोनों संसाधन व्यक्तियों तथा अन्य सभी प्रतिभागी शिक्षकों का इस गरिमामयी आयोजन को सफल बनाने के लिए सहृदय आभार व्यक्त किया।