नाहन: जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कालाअंब पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चिट्टा तस्करी के एक मामले की कड़ियां जोड़ते हुए पंजाब के एक और आरोपी को 45.77 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पहले से गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर अमल में लाई गई है।
पूछताछ में खुला सप्लाई नेटवर्क का राज
पुलिस के अनुसार, थाना कालाअंब में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज इस मामले में इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11.54 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने हिरासत रिमांड पर चल रहे आरोपी सुनील कुमार से गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने चिट्टे की सप्लाई के स्रोत के रूप में रसाल सिंह उर्फ शालू का नाम बताया।
आरोपी की पहचान रसाल सिंह उर्फ शालू (33) पुत्र छिन्दा सिंह, निवासी गांव मानेकी, डाकघर बल्टोहा, तहसील पट्टी, जिला तरनतारन पंजाब के रूप में हुई है। जानकारी मिलते ही कालाअंब पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रसाल सिंह को काबू किया और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 45.77 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
30 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे 30 नवंबर तक पुलिस हिरासत रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में पहले दो आरोपियों से बरामद 11.54 ग्राम और नए आरोपी से बरामद 45.77 ग्राम को मिलाकर अब तक कुल 57.31 ग्राम चिट्टा जब्त किया जा चुका है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई के स्रोत, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कारोबार में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।