कालाअंब में अवैध 24 बोतल शराब बरामद; नलका खोल के व्यक्ति पर केस दर्ज

नाहन : जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब की 24 बोतलें बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगामी जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 19 जून को पुलिस थाना कालाअंब की एक टीम इलाके में कानून व्यवस्था व सुरक्षा के मद्देनजर गश्त और चेकिंग पर मुस्तैद थी। इसी दौरान जब पुलिस टीम कालाअंब चौक के समीप ‘मां भगवती जूस कॉर्नर’ के पास मौजूद थी, तो वहां एक संदिग्ध व्यक्ति की चेकिंग की गई।

पुलिस टीम ने जब मौके पर व्यक्ति के कब्जे की जांच की, तो वहां से कुल 24 बोतलें अंग्रेजी शराब बरामद की गईं। यह शराब ‘रॉयल स्टैग’ (ROYAL STAG) मार्का की थी, जिस पर स्पष्ट रूप से ‘For Sale In UT Chandigarh Only’ (केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए) लिखा हुआ था। हिमाचल प्रदेश में इस शराब को बिना परमिट के रखना और बेचना पूरी तरह गैर-कानूनी है।

अवैध शराब के साथ पकड़े गए आरोपी की पहचान देवेंद्र दत्त सपुत्र टीका राम, निवासी नलका खोल (डाकघर मात्तर, तहसील नाहन, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी देवेंद्र दत्त के खिलाफ पुलिस थाना कालाआम्ब में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम (HP Excise Act) की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी यह शराब कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में आगामी छानबीन जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।