नाहन : हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी के साथ सरेराह मारपीट करने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फरमान खान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की संवेदनशीलता और बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए सिरमौर के एसपी योगेश रोल्टा ने खुद पांवटा साहिब थाने पहुंचकर जांच की कमान संभाली और आगामी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
यह पूरी घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है, जब छठी भारतीय आरक्षित वाहिनी धौलाकुआं में तैनात पुलिसकर्मी राजेश छिन्टा तारुवाला स्थित स्ट्रॉन्ग रूम से लंच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गोविंदपुर इंडस्ट्रियल एरिया के पास पीर की मजार के सामने उनका विवाद फरमान खान नाम के व्यक्ति से हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने न सिर्फ पुलिसकर्मी की वर्दी पर हाथ डाला, बल्कि उनके साथ बेरहमी से थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। हालांकि, बुधवार शाम को दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे, लेकिन बिना कोई शिकायत दर्ज कराए वापस लौट गए।

मामले में असली मोड़ तब आया जब इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसे लाखों लोगों ने देखा। वीडियो सामने आने के बाद वीरवार को धौलाकुआं बटालियन के जवानों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पांवटा साहिब थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। बिगड़ते माहौल को देखते हुए पुलिस को वहां भारी बल तैनात करना पड़ा। इसके बाद, बटालियन के कमांडेंट भागमल ठाकुर के निर्देश पर पीड़ित जवान ने शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।
जांच में आरोपी के बैकग्राउंड को लेकर भी कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला 40 वर्षीय फरमान खान फिलहाल तारुवाला के राजवन रोड पर रह रहा था और यहां तिरुपति फार्मा कंपनी में सिक्योरिटी के ठेकेदार के रूप में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह पहले यूपी पुलिस में ही तैनात था, लेकिन दो शादियां करने के कारण उसे अपनी सरकारी नौकरी छोड़नी पड़ी थी। इस बीच, मामले को तूल पकड़ता देख तिरुपति फार्मा ने भी बड़ा कदम उठाते हुए आरोपी फरमान को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
इस घटना के बाद से स्थानीय जनता और संगठन बेहद आक्रोशित हैं। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र के औद्योगिक घरानों में बाहरी राज्यों के असामाजिक तत्व और गुंडे पनप रहे हैं, जो यहां की कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं। हालांकि, कानूनी शिकंजा कसने के बाद आरोपी फरमान का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पुलिस प्रशासन से हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।