गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन का 20वां वार्षिक समारोह धूमधाम से संपन्न

Photo of author

By पंकज जयसवाल

सोलन : गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में वीरवार को अपना 20वां वार्षिक समारोह अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस वर्ष के समारोह की विशेष थीम ‘चरैवेति-चरैवेति’ रखी गई थी, जिसका मुख्य संदेश बिना रुके निरंतर आगे बढ़ते रहना और जीवन में नई ऊंचाइयों को हासिल करना है। विद्यालय ने इस भव्य आयोजन के साथ अपनी स्थापना के 20 गौरवशाली वर्षों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों का जश्न मनाया।

समारोह में 1 HP Boys Battalion NCC सोलन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव थॉमस ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उनके साथ डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी की निदेशक अनुसंधान डॉ. देविना वैद्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय प्रबंधन और स्टाफ ने मुख्य अतिथि कर्नल राजीव थॉमस व अन्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। एनसीसी बटालियन के अधिकारियों की उपस्थिति से समारोह में अनुशासन और देशभक्ति का एक विशेष माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन और स्वागत गान के साथ हुआ। इसके बाद कक्षा दूसरी से लेकर बारहवीं तक के मेधावी विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। स्वागत नृत्य, पारंपरिक लोक नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, विविधता और संस्कारों की अद्भुत झलक पेश की। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने भी सभी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। इन प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्कृष्ट मंच कला साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें गत वर्ष के दौरान शैक्षणिक, खेलकूद, एनसीसी गतिविधियों और अन्य क्षेत्रों में विद्यालय द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों का विस्तृत विवरण दिया गया। इस दौरान शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि कर्नल राजीव थॉमस ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में अनुशासन, कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने एनसीसी और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर दिया तथा विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. देविना वैद्य ने भी बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों, शिक्षकों और क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों ने बड़ी संख्या में शिरकत कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।