सोलन: चम्बाघाट क्षेत्र से रेहड़ी-फड़ी संचालकों को हटाए जाने के उपरांत उन्हें नगर निगम की उपलब्ध भूमि पर व्यवस्थित रूप से बसाने और स्थानीय जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने के उद्देश्य से नगर निगम सोलन की महापौर श्रीमती सुषमा शर्मा ने आज घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की व्यवस्थाओं को सुधारने और सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित कदम उठाने पर विशेष जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान वार्ड नंबर 4 के पार्षद रोहित भारद्वाज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्थानीय नागरिकों की कठिनाइयों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों के रोजगार से जुड़ी परिस्थितियों को महापौर के समक्ष विस्तार से रखा, ताकि सभी के हितों को सुरक्षित रखते हुए एक संतुलित और न्यायसंगत समाधान निकाला जा सके।
महापौर के साथ नगर निगम के उपमहापौर गौरव तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। महापौर ने अधिकारियों को मौके की जमीनी हकीकत का आकलन करते हुए रेहड़ी-फड़ी संचालकों के लिए स्थान के चयन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को शीघ्र व सुचारू रूप से पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में बढ़ती अवैध पार्किंग की समस्या पर भी गंभीर संज्ञान लिया गया। महापौर ने संबंधित यातायात और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में सुचारू यातायात व्यवस्था बनी रहे और राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
वार्ड के पार्षद रोहित भारद्वाज ने इस अवसर पर कहा कि वार्डवासियों की प्रत्येक समस्या का समाधान करना और क्षेत्र में बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों, रेहड़ी-फड़ी संचालकों और नगर निगम प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल व समन्वय स्थापित करके ही क्षेत्र के विकास और व्यवस्थाओं को पटरी पर लाया जा सकता है, जिसके लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।