शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा पर बड़ा सियासी हमला बोला है। शुक्रवार को मंडी में आयोजित ‘एंटी-चिट्टा जागरूकता वाकथॉन’ के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश भाजपा में इस वक्त पांच गुट बन चुके हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के ही कुछ नेता जयराम ठाकुर को नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी से हटाने के लिए लगातार दिल्ली के चक्कर काट रहे हैं और इन गुटों के बीच सामंजस्य बिठाने की कोशिशें चल रही हैं।

आगामी विधानसभा शीतकालीन सत्र को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विपक्ष को खास नसीहत दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को सरकार से सवाल पूछने और आरोप लगाने के साथ-साथ जवाब सुनने का धैर्य भी रखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि केवल आरोप लगाने या सदन से वाकआउट कर जाने से जनता के असल मुद्दों का कोई समाधान नहीं निकलता है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधानसभा जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने का सबसे प्रमुख मंच है। ऐसे में विपक्ष को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सदन में सवाल उठाने चाहिए। मुख्यमंत्री ने विपक्ष से अपील की कि आगामी शीतकालीन सत्र के दौरान वे वाकआउट करने के बजाय सदन की कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लें, अपनी बात रखें और सरकार का पक्ष भी पूरी गंभीरता के साथ सुनें।