जीनियस ग्लोबल स्कूल में भावना बनीं सुपर टैलेंटेड मॉम, सविता को बेस्ट ड्रेस्ड का खिताब

Photo of author

By Hills Post

सोलन: शहर के आनंद विहार स्थित जीनियस ग्लोबल स्कूल में नर्सरी और प्री-नर्सरी क्लास के बच्चों की माताओं के लिए एक बेहद खास, अनूठे और मनोरंजक कार्यक्रम सखी-2026 का आयोजन किया गया। रोजमर्रा की व्यस्त दिनचर्या और घर-परिवार की भागदौड़ से दूर कुछ पल अपने लिए जीने, नई सहेलियां बनाने और बच्चों की परवरिश के अनुभव साझा करने के उद्देश्य से सजे इस मंच पर करीब 100 माताओं ने पूरे उत्साह के साथ शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान माताओं के छिपे हुए हुनर को सामने लाने के लिए कई तरह की रोचक व कड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें अपने बहुमुखी टैलेंट और बेहतरीन प्रस्तुति की बदौलत भावना ने ‘सुपर टैलेंटेड मॉम-2026’ का मुख्य खिताब अपने नाम किया। वहीं, अपने शानदार पहनावे, शालीनता और रैंप पर बेहतरीन अंदाज से सबका दिल जीतने वाली सविता भारद्वाज को ‘सुपर मॉम (बेस्ट ड्रेस्ड)-2026’ चुना गया।

माताओं के बीच कपल्स थीम पर हुए इस दिलचस्प संतुलन गेम में प्रीति ठाकुर और निशा की जोड़ी विजेता बनकर उभरी। स्टेज पर अपनी थिरकन और बेहतरीन लोक व बॉलीवुड नृत्य से पूरे हॉल को झूमने पर मजबूर करने वाली मोनिका ठाकुर, पूनम, खीरा देवी, रीना देवी और किरण वाला को संयुक्त रूप से बेस्ट डांस अवार्ड से सम्मानित किया गया। महिलाओं के पसंदीदा तंबोला खेल में राज कौशल, मोनिका मेहता, निधि शर्मा, मीना और निशा ने बाजी मारकर आकर्षक पुरस्कार जीते।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचीं भुवनेश्वरी शर्मा और राज कौशल ने सभी प्रतिभागी माताओं का हौसला बढ़ाया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि एक माँ ही बच्चे की पहली गुरु और शिक्षक होती है, जो उसके चरित्र व सुनहरे भविष्य की मजबूत नींव रखती है। उन्होंने माताओं को खुद के लिए समय निकालने के लिए प्रेरित किया और स्कूल प्रबंधन द्वारा माताओं को ऐसा बेहतरीन मंच प्रदान करने की इस अनूठी पहल की मुक्त कंठ से सराहना की।

स्कूल की प्रबंध निदेशक (MD) नीति शर्मा ने कार्यक्रम को शानदार ढंग से सफल बनाने के लिए सभी माताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सखी-2026 महज़ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह माताओं के निस्वार्थ प्यार, समर्पण और आपस में जुड़ने का एक उत्सव था। हमें बेहद खुशी है कि माताओं ने अपने गृहस्थ जीवन से समय निकालकर इसमें इतने बड़े स्तर पर भाग लिया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।