डगशाई के सेवाभारती छात्रावास में भारत विकास परिषद सोलन का अन्नपूर्णा कार्यक्रम

Photo of author

By Hills Post

सोलन: भारत विकास परिषद की सोलन शाखा की ओर से डगशाई स्थित सेवाभारती छात्रावास में अन्नपूर्णा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने वाले मेधावी और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों के लिए सामूहिक भोजन का आयोजन हुआ और उन्हें स्पोर्ट्स शूज व अन्य जरूरी सामग्री भी भेंट की गई।

पढ़ाई और खेलों में अव्वल रहे इन छात्रों को मिली नकद राशि

भारत विकास परिषद सोलन शाखा हर वर्ष जरूरतमंद संस्थाओं के साथ मिलकर सेवा कार्य करती है। इसी कड़ी में इस साल डगशाई छात्रावास के होनहार छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए 500-500 रुपये की नकद छात्रवृत्ति दी गई। शैक्षणिक क्षेत्र में दसवीं कक्षा में द्वितीय स्थान हासिल करने वाले प्रिंस, ग्यारहवीं में द्वितीय स्थान पाने वाले ललित और तृतीय स्थान पर रहे रमेश को पुरस्कृत किया गया।

इसी तरह जूडो, कुराश और दौड़ प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले आरुष, चक्षु, अभिषेक, प्रिंस और राजीव को भी 500-500 रुपये की नकद राशि दी गई। इसके अलावा छात्रावास की सभी गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए चमन को तथा एनएसएस के राज्य स्तरीय प्री-रिपब्लिक डे कैंप में हिस्सा लेने के लिए ललित को 500-500 रुपये देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदेमातरम के साथ हुआ। इस अवसर पर भारत विकास परिषद हिमाचल प्रदेश प्रांत (पूर्व) के अध्यक्ष एवं प्रोजेक्ट चेयरपर्सन कर्नल अरुण कैंथला, प्रांत संगठन सचिव डॉ. राम गोपाल शर्मा, सोलन शाखा के अध्यक्ष डॉ. मुकेश प्रभाकर, सचिव हरीश शर्मा, सेवाभारती छात्रावास डगशाई के अध्यक्ष बृज कपिल, सेवाभारती जिला सोलन के अध्यक्ष परमिंदर और छात्रावास संचालक अनिल ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।

मंच का संचालन शाखा सचिव हरीश शर्मा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में सेवाभारती के जिला अध्यक्ष परमिंदर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी। वक्ताओं ने छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें अनुशासन और मेहनत के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

भजनों और देशभक्ति के गीतों ने बांधा समां

समारोह के दौरान सेवाभारती छात्रावास डगशाई के विद्यार्थियों ने भजन और देशभक्ति के गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से छात्रों द्वारा गाए गए ‘शिव कैलाशों के वासी’ भजन ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

इस कार्यक्रम में डॉ. महेंद्र शर्मा, अजय ठाकुर, सुशील जनारथा, दीपांजली शर्मा, डॉ. रजनी प्रभाकर, नरेश गुप्ता, अजय सूद, राजन जैन, आशीष अत्री, विक्रम और विन्नी ठाकुर सहित सेवाभारती छात्रावास डगशाई के अन्य सदस्य व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed