सोलन: जिला सोलन के दाड़लाघाट क्षेत्र में एक निजी कंपनी से करीब साढ़े चार लाख रुपये का कीमती सामान और 5 किलोमीटर लंबी तार लेकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर चंबा से दबोच लिया है। पुलिस ने चोरी किए गए उपकरणों के साथ घटना में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड (डिवीजन अर्की) के साइट इंजीनियर जुबेर अंसारी ने बताया कि उनकी कंपनी ने बिजली बोर्ड के ट्रांसफार्मर, पोल और तार बिछाने का टेंडर लिया है। कंपनी ने चंबा निवासी दिलधार (29 वर्ष) को तार बिछाने और पोल खड़ा करने का काम सौंपा था।
10 अप्रैल 2026 को कार्य के लिए आरोपी को बेलचा, गैंती, हैमर, ट्राइफर, चैन ब्लॉक, वायर ग्रिपर और 5 किलोमीटर कंडक्टर ड्रम सहित कुल ₹4,50,000 का सामान दिया गया था। 23 अप्रैल को आरोपी अचानक सारा सामान लेकर कार्यस्थल से गायब हो गया। मोबाइल बंद होने और मजदूरों के न पहुँचने पर चोरी का शक गहराया, जिसके बाद थाना दाड़लाघाट में मामला दर्ज करवाया गया।
शिकायत मिलते ही दाड़लाघाट पुलिस की टीम ने वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। आरोपी के मोबाइल की लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी की लोकेशन जिला चंबा में ट्रेस की। दाड़लाघाट पुलिस की टीम ने चंबा पहुँचकर 25 अप्रैल 2026 को नामजद आरोपी दिलधार को धर दबोचा।
आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सारा कीमती सामान बरामद कर लिया गया है और उसकी पिकअप गाड़ी को भी सीज कर दिया गया है। दाड़लाघाट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोलन लाया है, जिसे आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है या इस चोरी में कोई और भी शामिल था।
पुलिस की सलाह
पुलिस प्रशासन ने ठेकेदारों और निजी कंपनियों को सलाह दी है कि वे किसी भी बाहरी मजदूर या उप-ठेकेदार को काम पर रखने से पहले उनका पुलिस वेरिफिकेशन (Police Verification) अवश्य करवाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। मामले में आगामी जांच अभी जारी है।