दुःखद समाचार: ब्राह्मण सभा नाहन के अध्यक्ष सुखदेव शर्मा का निधन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : ब्राह्मण सभा नाहन के अध्यक्ष एवं समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व सुखदेव शर्मा (86 वर्ष) का आज सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही समूचे नाहन शहर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।

पारिवारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुखदेव शर्मा जी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। इलाज के दौरान आज सुबह 7:00 बजे साई अस्पताल, नाहन में उन्होंने अंतिम सांस ली।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि स्व. सुखदेव शर्मा जी का अंतिम संस्कार आज शाम 4:00 बजे मोक्ष धाम, नाहन में किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन और श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए शहर के गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के लोग उनके निवास स्थान पर पहुंच रहे हैं।

86 वर्षीय सुखदेव शर्मा अपने बेहद सरल, सौम्य और मिलनसार स्वभाव के लिए पूरे क्षेत्र में जाने जाते थे। ब्राह्मण सभा नाहन के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने समाज के कल्याण, सामाजिक एकजुटता और धार्मिक कार्यों में अपना अतुलनीय योगदान दिया। उनके चले जाने से समाज को एक अपूरणीय क्षति हुई है।

विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।