सोलन: हिमाचल प्रदेश की धर्मपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कंडा रोड स्थित एक फ्लैट में दबिश देकर अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म Lolo247 के जरिए इस पूरे खेल को संचालित कर रहे थे। छापेमारी के दौरान फ्लैट से 10 मोबाइल फोन, 2 मैकबुक लैपटॉप, बैंक कार्ड, पहचान पत्र और अन्य सामान बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सिरसा निवासी साहिल गोयल (34), उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी विशाल पटेल (27) और बिहार के बक्सर गांव बलौ) निवासी अमरजीत प्रजापति (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2), 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
फरीदाबाद में मिली थी ट्रेनिंग, दिन में चलता था नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में इस ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क की पूरी कार्यप्रणाली सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विशाल पटेल इस प्लेटफॉर्म के लिए काम करता था और उसकी भर्ती में प्रतीक तिवारी व परवेज खान नामक व्यक्तियों की भूमिका सामने आई है। परवेज खान ने विशाल को फरीदाबाद बुलाकर इस काम की बाकायदा ट्रेनिंग दी थी, जहां उसके साथ 4-5 अन्य लोग भी मौजूद थे। जांच में पता चला है कि अक्टूबर 2026 के पहले सप्ताह में विशाल पटेल अपने साथियों साहिल गोयल, अमरजीत प्रजापति और आदर्श रॉय के साथ धर्मपुर आया था। ये सभी दिन के समय इस अवैध गतिविधि को अंजाम देते थे।
सोशल मीडिया से प्रचार, दूसरों के बैंक खातों में आता था पैसा
आरोपी अपने इस प्लेटफॉर्म का प्रचार टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए करते थे। जो भी ग्राहक इसमें दिलचस्पी दिखाता, उससे व्हाट्सऐप पर संपर्क किया जाता था। बरामद 10 मोबाइल फोन में से 7 फोन पर ग्राहकों के मैसेज आते थे। विशाल पटेल का काम ग्राहकों को क्लिपबोर्ड में सेव किए गए लिंक भेजकर पहले डेमो आईडी और फिर मास्टर लॉग-इन के जरिए यूजर आईडी व पासवर्ड उपलब्ध करवाना था।
पैसों के लेनदेन के लिए आरोपी साहिल गोयल ग्राहकों को QR कोड भेजता था, जो अन्य लोगों के बैंक खातों से जुड़े हुए थे। भुगतान करने के बाद ग्राहक को व्हाट्सऐप पर स्क्रीनशॉट भेजना होता था, जिसे देखकर विशाल पटेल ग्राहक की गेमिंग आईडी में उतनी ही राशि का बैलेंस क्रेडिट कर देता था।
डिजिटल और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच जारी
पुलिस अब बरामद किए गए 10 मोबाइल फोन और 2 मैकबुक लैपटॉप की गहन डिजिटल जांच कर रही है, ताकि व्हाट्सऐप चैट, टेलीग्राम गतिविधियों, ग्राहकों के विवरण और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही QR कोड से जुड़े बैंक खातों और अब तक हुए कुल वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है। तीनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया गया है और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।