सोलन : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के मानपुरा थाना अंतर्गत बागबानिया स्थित जियो पेट्रोल पंप के समीप आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। तेज रफ्तार बंद बॉडी कंटेनर वाहन चालक द्वारा लापरवाही से ओवरटेक करने के चक्कर में एक स्कूटी सवार की जान चली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्परता दिखाते हुए आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, खरियाना (बद्दी) निवासी निर्मल सिंह सुबह करीब 6:50 बजे अपनी गाड़ी से खेड़ा (नालागढ़) की ओर जा रहे थे। बागबानिया जियो पेट्रोल पंप के पास उनके आगे चल रहे एक बंद बॉडी कंटेनर वाहन (ट्रक) के चालक ने अचानक गलत दिशा (Wrong Side) में गाड़ी ले जाकर ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान नालागढ़ की तरफ से अपनी सही दिशा में आ रही स्कूटी (HP-20F-8394) को कंटेनर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अपने वाहन सहित नालागढ़ की ओर फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से घायल स्कूटी सवार को नागरिक अस्पताल नालागढ़ पहुँचाया, जहाँ गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रोशन दीन, पुत्र युसफ, निवासी जिला चम्बा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।
शिकायत मिलते ही पुलिस थाना मानपुरा में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। बद्दी के पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान के सख्त निर्देशों पर आरोपी की धर-पकड़ के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हादसे में संलिप्त ट्रक (नंबर: HP 12Q 6731) को जब्त कर लिया। इसके साथ ही आरोपी चालक राजेश कुमार (निवासी गाँव समुला, डाकघर सदवां, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा) को गिरफ्तार कर लिया गया है।