नाहन : हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की त्रिलोकपुर शाखा द्वारा नाबार्ड के सहयोग से त्रिलोकपुर गांव में एक दिवसीय डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, विभिन्न सरकारी एवं बैंक की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय में वित्तीय समझ विकसित करने के साथ-साथ नियमित बचत और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के उपयोग को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बैंक की विभिन्न ऋण एवं जमा योजनाओं की जानकारी देते हुए विशेष रूप से रूफटॉप सोलर पैनल ऋण योजना और सपनों का संचय योजना पर प्रकाश डाला गया। ग्रामीणों को बताया गया कि रूफटॉप सोलर योजना के माध्यम से वे बैंक की ऋण सुविधा का लाभ लेकर अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर सकते हैं। इससे बिजली के खर्च में कमी लाने के साथ-साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

वहीं, बच्चों के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने और उनमें बचपन से ही बचत की भावना विकसित करने के उद्देश्य से ‘सपनों का संचय योजना’ के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। ग्रामीणों को समझाया गया कि छोटी-छोटी नियमित बचत के माध्यम से बच्चों की शिक्षा एवं भविष्य की आवश्यकताओं के लिए बेहतर वित्तीय आधार तैयार किया जा सकता है।
शिविर में बैंक के कार्यकारी सहायक मोहित वर्मा ने उपस्थित लोगों को केंद्र एवं हिमाचल प्रदेश सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री जन धन योजना और अटल पेंशन योजना के लाभों से अवगत करवाया। इसके अतिरिक्त महिला सशक्तिकरण ऋण योजना, पिगमी बचत योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), हिम स्वरोजगार क्रेडिट कार्ड, संयुक्त देयता समूह (JLG), स्वयं सहायता समूह (SHG), गृह ऋण सहित बैंक की विभिन्न जमा एवं ऋण सुविधाओं की भी जानकारी प्रदान की गई।
डिजिटल बैंकिंग के महत्व पर चर्चा करते हुए उन्होंने मोबाइल बैंकिंग, एटीएम एवं अन्य ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने ग्रामीणों को आगाह किया कि वे अपना एटीएम पिन, ओटीपी, पासवर्ड तथा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने, बचत को अपनी नियमित आदत बनाने, सौर ऊर्जा को अपनाने तथा डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित उपयोग करने की अपील की गई।
इस अवसर पर अशोक कुमार, राम सिंह, हरविंदर कुमार, शिवानी देवी, गीता शर्मा, शर्वण कुमार, रिंकू सिंह, बलबीर सिंह, रेखा, अशोक कुमार, कृष्णा देवी सहित क्षेत्र के अन्य ग्रामीण भी उपस्थित रहे। सभी ने शिविर में दी गई जानकारियों में रुचि दिखाई तथा बैंक की विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूकता प्राप्त की।