नाहन: अमरपुर मोहल्ला में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 104 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शहर के अमरपुर मोहल्ला (वार्ड नंबर 5) स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में श्री साईं स्पेशलिटी मल्टी-हॉस्पिटल के सौजन्य से और स्थानीय पार्षद सीमा अत्री के विशेष सहयोग से एक भव्य नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के दर्जनों परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

वार्ड की पार्षद सीमा अत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि यह स्वास्थ्य शिविर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) की एक प्रमुख कड़ी है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जन-सेवा और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देना है। इसी सोच के साथ इस शिविर का आयोजन किया गया, ताकि आम लोगों को उनके घर के पास ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं और परामर्श मिल सके।

शिविर में सुबह से ही स्थानीय निवासियों का जुटना शुरू हो गया था। श्री साईं स्पेशलिटी अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने शिविर में पहुंचे 104 से अधिक मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य शुरुआती जांचें बिल्कुल नि:शुल्क की गईं। साथ ही डॉक्टरों द्वारा मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सलाह दी गई और अस्पताल की ओर से नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

पार्षद सीमा अत्री ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी और जानकारी की कमी के कारण अक्सर लोग अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं, जो बाद में गंभीर बीमारियों का रूप ले लेती है। ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आम जनता, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और बुजुर्गों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड के नागरिकों की सुविधा और उत्तम स्वास्थ्य के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

स्वास्थ्य जांच शिविर की एक विशेष बात यह भी रही कि यहाँ उपस्थित लोगों, मरीजों और कार्यकर्ताओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ के प्रसारण को सुनने व देखने की विशेष व्यवस्था की गई थी। शिविर में आए लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लेने के साथ-साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और प्रधानमंत्री के विचारों को सुना।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।