नाहन: आम्बवाला में बीच सड़क आग का गोला बना टिप्पर, टला बड़ा हादसा!

नाहन : कालाअंब पांवटा साहिब नेशनल हाईवे आम्बवाला (सैनवाला) में आज सुबह एक टिप्पर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने वाहन के पिछले हिस्से को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, अग्निशमन केन्द्र नाहन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 12 मिनट के रिस्पॉन्स टाइम में मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और एक बड़े हादसे को टाल दिया। इस मुस्तैदी के कारण करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 04:13 बजे तासीम नामक व्यक्ति ने नाहन फायर स्टेशन को आम्बोवाला के पास एक वाहन में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम 5 कर्मचारियों के साथ वाहन संख्या HP18B-3848 AFT लेकर तुरंत रवाना हुई। दमकल केंद्र से 8 किलोमीटर की दूरी तय कर टीम सुबह 4:26 बजे (मात्र 12 मिनट में) घटनास्थल पर पहुंच गई।

घटनास्थल पर हरियाणा नंबर के एक टिप्पर (HR58F-3496) के पिछले हिस्से में भयंकर आग लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि यह टिप्पर (मालिक अकरम, निवासी आम्बोवाली, डाकघर खिजरी, तहसील प्रतापनगर, यमुनानगर) पाँवटा साहिब से मिक्स मैटेरियल (क्रेशर) लेकर नारायणगढ़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान टायर फटने और लैदर गर्म होने की वजह से अचानक आग भड़क उठी।

दमकल कर्मियों ने करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत और 15 मिनट तक पंप परिचालन कर आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस हादसे में टिप्पर के 4 टायर और वायरिंग जलने से करीब ₹2,00000 (दो लाख रुपये) का नुकसान आंका गया है। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि (जानी नुकसान) नहीं हुई है।

अग्निशमन विभाग की इस त्वरित और पेशेवर कार्रवाई की वजह से टिप्पर के साथ खड़े अन्य वाहनों और संपत्ति को आग की चपेट में आने से सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे करीब 30 लाख रुपये का नुकसान होने से रुक गया। वाहन मालिक और स्थानीय लोगों ने समय पर पहुंचकर आग बुझाने के लिए नाहन फायर ब्रिगेड की टीम का विशेष रूप से धन्यवाद व्यक्त किया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।