नाहन : उम्मीद फाउंडेशन एवं स्टेपको सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आज तीन दिवसीय अभिनय कार्यशाला का शुभारंभ वारटाइम कॉम्बैट सिस्टम मार्शल आर्ट्स अकादमी, नाहन में हुआ। यह कार्यशाला 07 अगस्त से 09 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।
कार्यशाला का संचालन स्थापित अभिनेता अनीश सैनी द्वारा किया जा रहा है, जबकि अखिल सहायक प्रशिक्षक के रूप में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

कार्यशाला के पहले दिन लगभग 14 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पहले दिन अभिनय की मूलभूत तकनीकों, संवाद अदायगी, बॉडी लैंग्वेज, चेहरे के हाव-भाव, मंच पर प्रस्तुति, आत्मविश्वास निर्माण की प्रारंभिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बच्चों को विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों एवं अभिनय अभ्यासों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में भार्गव, अयान, आध्या परमार, नविका शर्मा, अलीज़ा उल्फ़त, अथर्व कौशल, अलीना उल्फ़त, देवांशी, अलीशा उल्फ़त, मनस्वी, काव्या सोइन, ईशान्वी और आव्या सोलंकी शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया तथा अभिनय की बारीकियों को सीखने में गहरी रुचि दिखाई।
इस अवसर पर उम्मीद फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को कला, संस्कृति एवं व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। अभिनय प्रशिक्षण बच्चों में आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद कौशल, रचनात्मक सोच तथा मंच पर स्वयं को अभिव्यक्त करने की क्षमता विकसित करता है।
स्टेपको सोसायटी के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक कार्यशालाएँ बच्चों की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहेगा।
यह तीन दिवसीय कार्यशाला 09 अगस्त 2026 तक चलेगी, जिसमें प्रतिभागियों को अभिनय के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा अंतिम दिन उनके प्रदर्शन का विशेष सत्र भी आयोजित किया जाएगा।