नाहन : नगर परिषद नाहन की वरिष्ठ और समर्पित पार्षद मधु अत्री का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। 25 वर्षों से अधिक समय तक नगर परिषद में सक्रिय रहते हुए उन्होंने नाहन के विकास कार्यों में जो योगदान दिया, वह हमेशा याद रखा जाएगा। उनके निधन से नगर के सामाजिक और राजनीतिक जीवन में एक गहरी रिक्तता पैदा हो गई है।
मधु अत्री का जन्म 9 दिसंबर 1957 को हुआ था। वे अपने सौम्य स्वभाव, सरल व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति गहरे समर्पण के लिए जानी जाती थीं। नाहन के हर वार्ड में लोगों से सीधा जुड़ाव और समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहना उनकी पहचान थी। उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में स्वर्गीय श्यामा शर्मा को अपना आदर्श माना और उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हुए नगर के विकास को प्राथमिकता दी।

उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। आमजन से लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मधु अत्री को संगठन की कर्मठ और निष्ठावान कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उनका जाना पार्टी और समाज दोनों के लिए बड़ी क्षति है। वहीं, नाहन के कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने भी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मधु अत्री ने दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर सदैव जनहित में कार्य किया।
नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर, उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता, पार्षदगण तथा रोड सेफ्टी क्लब के पूर्व अध्यक्ष विशाल तोमर सहित अनेक लोगों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।
मधु अत्री का अंतिम संस्कार आज दोपहर 1 बजे नाहन मोक्ष धाम में किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास स्थान पर रखा गया है, जहां लोगों का लगातार आगमन जारी है।