बघाट बैंक से 3.49 करोड़ का लोन न चुकाया, 71 वर्षीय डिफॉल्टर कारोबारी गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: बघाट बैंक से करोड़ों रुपये का लोन लेकर न चुकाने वाले कंडाघाट के 71 वर्षीय एक कारोबारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर बैंक का ब्याज सहित करीब 3.49 करोड़ रुपये बकाया है। अदालत द्वारा कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद पेश न होने पर उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रविंद्र नाथ, निवासी गांव बीशा (कंडाघाट), के रूप में हुई है। रविंद्र नाथ ने बघाट बैंक सोलन से व्यापारिक उद्देश्य (Business Purpose) के लिए लोन लिया था, लेकिन वह इस लोन को तय समय सीमा के भीतर चुकाने में नाकाम रहे।

इसके बाद बैंक ने उन्हें डिफॉल्टर घोषित कर दिया। लोन की रिकवरी के लिए यह मामला सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, सोलन की अदालत में चल रहा था। अदालत ने रविंद्र नाथ को पेश होने के लिए कई बार नोटिस जारी किए, लेकिन वह पेश नहीं हो रहे थे।

अदालत ने 17 अक्टूबर को उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। इसी वारंट की तामील करते हुए कंडाघाट पुलिस की टीम ने शुक्रवार (24 अक्टूबर) को 71 वर्षीय रविंद्र नाथ को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें सहायक पंजीयक सभाएं, सोलन की अदालत में पेश किया जा रहा है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed