नाहन : राष्ट्रीय राजमार्ग NH-907A (नाहन-कुम्हारहट्टी) पर ‘दो सड़का’ से शिमला की तरफ जाने वाले मार्ग पर सड़क का एक हिस्सा बुरी तरह धंस गया है। सड़क का काफी हिस्सा नीचे बैठने के कारण यहाँ से गुजरने वाले दोनों तरफ के वाहनों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क का बड़ा हिस्सा नीचे की ओर बैठने की वजह से यहाँ हर समय किसी बड़ी दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। खासकर रात के समय और तीखे मोड़ पर चालकों को धंसी हुई सड़क का सही अंदाज़ा नहीं मिल पाता, जिससे गाड़ियों के अनियंत्रित होने या पलटने का जोखिम काफी बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों के अनुसार, इस पॉइंट पर दोनों ओर से आने वाले वाहनों को निकलने के लिए बेहद मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थानीय निवासियों, चालकों और यात्रियों ने संबंधित विभाग व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मांग की है कि इस धंसी हुई सड़क का तुरंत संज्ञान लिया जाए। किसी बड़े हादसे या जन-धन के नुकसान से पहले यहाँ चेतावनी बोर्ड लगाए जाएँ और सड़क की मरम्मत का काम जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए।