नाहन : चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित स्केटिंग रिंक में 4 अक्टूबर 2026 को नेशनल कराटे फेडरेशन (NKF) द्वारा आयोजित North Zone Karate Championship 2026 में हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस प्रतियोगिता में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
हिमाचल प्रदेश के कुल 47 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए राज्य की झोली में कुल 43 पदक डाले।

विशेष रूप से जिला सिरमौर के नाहन स्थित Mountain Martial Arts Dojo Nahan के 10 खिलाड़ियों ने कुमिते (Kumite) स्पर्धा में भाग लिया। इनमें से 8 खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग में बेहतरीन तकनीक और अनुशासन का परिचय देते हुए पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता में अर्पण शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, अपनी-अपनी श्रेणियों में बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए दिव्यांश शर्मा , आराध्य शर्मा , अद्वित ठाकुर और वरदान शर्मा ने रजत पदक हासिल किए।इसके अलावा, वैभव शर्मा , ईशानी ठाकुर और श्रेसी शर्मा ने कड़ा मुकाबला प्रस्तुत करते हुए कांस्य पदक जीतकर अपने संस्थान और जिले का नाम रोशन किया।
इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए नॉर्थ इंडिया चीफ इंस्ट्रक्टर शिहान इकबाल मलिक, जिला सिरमौर चीफ इंस्ट्रक्टर सेन्सेई प्रवीण कुमार तथा मनोज कुमार ने टीम कोच के साथ-साथ ऑफिशियल रेफरी/जज (Referee/Judge) की जिम्मेदारी भी बखूबी संभाली।
प्रतियोगिता के समापन पर जिला सिरमौर चीफ इंस्ट्रक्टर सेन्सेई प्रवीण कुमार ने माउंटेन मार्शल आर्ट्स डोजो नाहन और सिरमौर जिले के सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के कड़े परिश्रम, लगन और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर न केवल अपना, बल्कि पूरे सिरमौर जिले और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगामी राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।