नाहन: कैंट स्कूल में सर्वसम्मति से बनी SMC टीम; उषा शर्मा अध्यक्ष और सागर बने उपाध्यक्ष

नाहन : स्थानीय राजकीय उच्च विद्यालय कैंट में स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है। इस चुनावी बैठक और प्रक्रिया का आयोजन विद्यालय की कार्यवाहक मुख्य अध्यापिका सुमन गुप्ता की गरिमामयी अध्यक्षता में किया गया। बैठक में स्कूल के विकास और बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें अभिभावकों और स्कूल स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

चुनाव के दौरान पूरी तरह से लोकतांत्रिक और सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहाँ सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से बड़ा फैसला लिया। सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के तहत उषा शर्मा को स्कूल प्रबंधन समिति का नया अध्यक्ष चुना गया है, जबकि सागर को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई कार्यकारिणी के चयन पर उपस्थित सभी सदस्यों और शिक्षकों ने खुशी जाहिर की है।

कार्यवाहक मुख्य अध्यापिका सुमन गुप्ता ने नवनिवर्चित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और समिति के अन्य सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई एसएमसी टीम विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और शैक्षणिक माहौल को और अधिक बेहतर बनाने में प्रबंधन को अपना पूरा सहयोग देगी। अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भी अपनी इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का भरोसा दिलाया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।