नाहन कॉलेज की एनसीसी अधिकारी डॉ. पंकज को मिला कैप्टन रैंक

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय महाविद्यालय नाहन के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि महाविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की सहायक आचार्य तथा एनसीसी अधिकारी, लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज ने कैप्टन रैंक के लिए आयोजित रिफ्रेशर कोर्स को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी , ग्वालियर में 31 अगस्त से 19 सितंबर तक आयोजित इस कोर्स में देशभर के एनसीसी अधिकारियों ने भाग लिया था। इस प्रशिक्षण को पूर्ण करने के बाद अब उन्हें लेफ्टिनेंट से कैप्टन रैंक पर पदोन्नत किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. पंकज ने सैन्य प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, आपदा प्रबंधन और एनसीसी के नवीन पाठ्यक्रमों में उच्च स्तरीय कौशल हासिल किया। उन्होंने प्रशिक्षण से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसमें थ्रो बॉल में स्वर्ण पदक हासिल करने के साथ-साथ ‘एक्सरसाइज शक्ति’, ‘युवा शक्ति’ और ‘फ्लैग एरिया’ प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

डॉ. पंकज की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने उन्हें बधाई दी और कहा कि उनकी इस सफलता से महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स को प्रेरणा मिलेगी और एनसीसी गतिविधियों को एक नया आयाम प्राप्त होगा। रिफ्रेशर कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करके महाविद्यालय पहुँचने पर एनसीसी इकाई और समस्त महाविद्यालय परिवार ने उनका भव्य स्वागत किया।

अपनी इस उपलब्धि पर डॉ. पंकज ने कहा कि इस रिफ्रेशर कोर्स में प्राप्त प्रशिक्षण का सीधा लाभ एनसीसी कैडेट्स को मिलेगा। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय उच्च शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश सरकार, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला, समस्त महाविद्यालय परिवार, 1 एचपी बटालियन नाहन के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल जे. एस. चौहान, बटालियन स्टाफ और एनसीसी छात्रों को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।