नाहन : सिरमौर जिले की नाहन तहसील के कोंथरो (देवनी) गांव से एक बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ घर के बाहर किसी जहरीले जीव के काटने से 18 वर्षीय एक युवक की असमय मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान अरमान अली पुत्र महमूद अली, निवासी कोंथरो के रूप में हुई है, जो कि नाहन आईटीआई का छात्र था।
इस दुखद घटना के बारे में मृतक के पड़ोसी शराफ़त अली ने ‘हिल्स पोस्ट’ मीडिया से विशेष बातचीत करते हुए बताया कि मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि खुद अरमान या उसके परिवार को शुरुआत में इस बात का बिल्कुल भी अहसास नहीं हुआ कि उसे किसी जहरीले सांप ने काट लिया है। रात को करीब 2:30 बजे अचानक अरमान को तेज बेचैनी महसूस होने लगी। रात के समय ऐसी परिस्थिति बनने पर परिवार के सदस्यों ने इसे कोई सामान्य बीमारी या अचानक तबीयत खराब होना समझा और अपने स्तर पर ही उसे राहत देने का प्रयास किया।

लेकिन जब उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई, तो परिजन बेहद चिंतित हो गए और उसे सुबह 4 बजे के आसपास डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और सुबह 8 बजे के आसपास डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में जब डॉक्टरों ने युवक के ब्लड सैंपल लिए और उसकी गहन जांच की, तब जाकर इस बात का पुख्ता खुलासा हुआ कि अरमान की मौत किसी सामान्य बीमारी से नहीं, बल्कि शरीर में चुपचाप फैले सांप के जहर (सर्पदंश) की वजह से हुई है।
अरमान अली अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी इस तरह अचानक और बिना पता चले हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने जिला वासियों से वर्षा ऋतु में विशेष सतर्कता बरतने की पुरजोर अपील की है। प्रशासन के अनुसार, इस मौसम में भारी बारिश के कारण जमीन के भीतर से सांप और अन्य विषैले जीव-जंतु बाहर निकल आते हैं और उनकी सक्रियता काफी बढ़ जाती है। कई बार झाड़ियों या अंधेरे में इनके काटने का तुरंत पता भी नहीं चल पाता।
प्रशासन ने जनता से अपील की है कि खेतों, झाड़ियों, घास वाले क्षेत्रों, लकड़ी या पत्थरों के ढेर तथा सुनसान स्थानों पर जाते समय विशेष सावधानी बरतें। रात के समय बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग अवश्य करें और अंधेरे या खुले स्थानों पर बिना देखे हाथ-पैर न रखें, ताकि ऐसी अनहोनी घटनाओं से बचा जा सके।