नाहन: खाली सिलेंडर बदलवाने गए युवकों से मारपीट, सड़क पर घेरकर पीटा; मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में मेला देखने आए युवकों के साथ गैस गोदाम के समीप मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। अतिरिक्त पैसे मांगने का विरोध करने पर दबंगों ने संगड़ाह निवासी युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिसमें एक युवक घायल हो गया। शिकायत मिलने के बाद नाहन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार संगड़ाह निवासी गोयल ने पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उसने बताया कि 18 सितंबर को वह अपने दोस्तों कैलाश, रविकांत और राहुल के साथ अपनी कार में नाहन मेला देखने आया था। वे अपने साथ एक खाली एलपीजी गैस सिलेंडर भी लाए थे। शाम लगभग 6:30 बजे जब वे वाल्मीकि बस्ती के समीप स्थित गैस गोदाम पहुंचे, तो उसका दोस्त रविकांत सिलेंडर के सिलसिले में बात करने गोदाम के भीतर गया।

गोदाम में मौजूद बागेश नाम के व्यक्ति ने रविकांत से कहा कि संगड़ाह के सिलेंडर यहां नहीं बदले जाते और इसके लिए अतिरिक्त पैसे देने होंगे। जब रविकांत ने अतिरिक्त पैसे मांगने का विरोध किया, तो बागेश ने उसे धक्का दे दिया। आरोप है कि इसके बाद बागेश के 5 से 6 साथी भी मौके पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया और आरोपियों ने उनके साथी राहुल तोमर को सड़क पर घेरकर बेरहमी से पीट दिया, जिससे राहुल को गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद पीड़ित तुरंत नाहन थाना पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई। नाहन पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।