नाहन : पुलिस थाना नाहन की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए अभियान के तहत शम्भूवाला क्षेत्र में छापेमारी कर 8 बोतल देसी शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई 14 जून को पुलिस गश्त के दौरान मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर अमल में लाई गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बनकला स्थित ‘टिन खोका चिकन कॉर्नर’ नामक दुकान पर अचानक दबिश दी। इस दुकान का संचालन गोविंदगढ़ मोहल्ला (नाहन) का निवासी अजीत सिंह उर्फ बीटू कर रहा था। तलाशी के दौरान दुकान से अवैध रूप से रखी गई कुल 8 बोतलें देसी शराब बरामद की गईं, जिसका आरोपी कोई वैध परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सका।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी अजीत सिंह के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अवैध शराब को कब्जे में लेकर आरोपी को नामजद कर लिया है और मामले में आगामी छानबीन व आगामी अन्वेषण (जांच) जारी है।