नाहन: चौगान मैदान में 5 से 14 सितंबर तक होगा सिरमौर उत्सव, 29 अगस्त से होंगे ऑडिशन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : ऐतिहासिक चौगान मैदान एक बार फिर सिरमौर उत्सव की रंगीनियों से सजने जा रहा है। स्टेपको संस्था नाहन द्वारा आयोजित होने वाला चौथा सिरमौर उत्सव-2025 इस बार 5 से 14 सितंबर तक होगा। संस्था ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी।

संस्था के सचिव वसीम खान ने बताया कि उत्सव के माध्यम से युवाओं और बच्चों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ लोगों को अपनी संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस बार भी उत्सव में कला, संस्कृति, खेल और मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा।

सिरमौर उत्सव

उन्होंने बताया कि उत्सव की शुरुआत 5 सितंबर से होगी और 10 सितंबर तक स्थानीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं खेलकूद गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 11 से 13 सितंबर तक सांस्कृतिक संध्याएं होंगी, जिनमें लोक नृत्य, आधुनिक नृत्य, संगीत प्रतियोगिता, मॉडलिंग शो, बेबी शो और बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता जैसे आकर्षक कार्यक्रम होंगे।

संस्था इस बार पारंपरिक ठोडो नृत्य को भी उत्सव में शामिल करने का प्रयास कर रही है, जिसके लिए विभाग से बातचीत की जा रही है। बच्चों के लिए विशेष बेबी शो और युवाओं के लिए मॉडलिंग एवं बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता उत्सव की खास आकर्षण रहेंगे।

वसीम खान ने बताया कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए 29, 30 और 31 अगस्त को ऑडिशन होंगे। इसके लिए चौगान मैदान के पास भवन के धरातल को स्थल निर्धारित किया गया है। ऑडिशन सुबह से शाम तक आयोजित किए जाएंगे।

उत्सव के अंतिम दिन यानी 14 सितंबर को ग्रैंड फिनाले और स्टार नाइट का आयोजन होगा। इस मौके पर इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे और संगीत प्रेमियों का मन मोह लेंगे।

उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं में नशे की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इस प्रकार के उत्सव न केवल मनोरंजन और सांस्कृतिक मंच प्रदान करते हैं बल्कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का संदेश भी देते हैं। खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक और स्वस्थ दिशा देने में अहम भूमिका निभाती हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।