नाहन: जब पुकारा तो दौड़े चले आए… PGI से AIIMS तक, Drops of Hope ने बचाई 41 जिंदगियां

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर का हर माह की तरह अगस्त महीने में भी सामाजिक सेवा और समर्पण का दौर निरंतर जारी रहा। समूह के सदस्यों के सामूहिक सहयोग और दिन-रात की कड़ी मेहनत से इस माह कुल 41 यूनिट रक्तदान संपन्न कराया गया। संस्था हर महीने नियमित रूप से रक्तदान शिविरों और आपातकालीन कॉल्स के माध्यम से जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाती है। इसी कड़ी में अगस्त की इस रिपोर्ट के अनुसार, विभिन्न अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों में भर्ती गंभीर मरीजों को समय पर रक्त और प्लेटलेट्स उपलब्ध कराए गए। सोसाइटी के अध्यक्ष ईशान राव ने बताया कि सदस्यों की तत्परता और निस्वार्थ भावना से ही यह सेवा कार्य हर महीने सुचारू रूप से चल पा रहा है।

स्थानीय स्तर पर डॉ. वाई.एस. परमार गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, नाहन में भर्ती मरीजों के लिए कुल 15 यूनिट रक्त संकलित किया गया। इसमें B पॉजिटिव की 7 यूनिट, A पॉजिटिव की 5 यूनिट, O पॉजिटिव की 2 यूनिट और AB नेगेटिव की 1 यूनिट शामिल रही, जिससे स्थानीय स्तर पर जरूरतमंदों की तत्काल सहायता हो सकी।

नाहन के अलावा बाहरी राज्यों और प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में भी संस्था के सदस्यों ने तुरंत पहुंचकर रक्तदान व सहयोग प्रदान किया। बाज़ ब्लड ग्रुप के अध्यक्ष सलमान खान के माध्यम से PGI चंडीगढ़, पंचकूला व मोहाली में 03 यूनिट्स की जरूरत पूरी की गई, जबकि अखिल माहेश्वरी ने मोहाली व पंचकूला में जिला सिरमौर के मरीजों के लिए 4 यूनिट्स उपलब्ध कराए। इसके अलावा कपिल नेगी ने IGMC शिमला में 2 यूनिट AB पॉजिटिव, PGI चंडीगढ़ में 2 यूनिट O नेगेटिव और जॉली ग्रांट (देहरादून) में 2 यूनिट O पॉजिटिव की आपात आवश्यकता को पूरा कराया।

विभिन्न क्षेत्रों में सदस्य भूपेंद्र ठाकुर ने PGI चंडीगढ़ पहुंचकर A पॉजिटिव रक्तदान किया, वहीं सदस्य साहिल ने IGMC शिमला में उपचाराधीन नाहन के मरीज के लिए A पॉजिटिव रक्तदान कराया। इसके साथ ही सदस्य तरुण धीमान ने टांडा मेडिकल कॉलेज, कांगड़ा में 4 यूनिट B पॉजिटिव तथा सदस्य नदीम खान ने एम्स ऋषिकेश में 4 यूनिट रक्तदान संपन्न कराया।

सामान्य रक्तदान के साथ-साथ गंभीर स्थिति में मरीजों को सिंगल डोनर प्लेटलेट्स भी मुहैया कराए गए। इसके तहत सदस्य अनूप ने अलकेमिस्ट अस्पताल, पंचकूला में AB पॉजिटिव प्लेटलेट्स दान किए, सदस्य देव अत्रि ने फोर्टिस अस्पताल, मोहाली में B पॉजिटिव प्लेटलेट्स दान किए और एमएमयू मौलाना मेडिकल कॉलेज (हरियाणा) में सदस्य प्रिंस सैनी ने AB पॉजिटिव रक्तदान कर मरीज की जान बचाई। सोसाइटी हर महीने इसी तरह सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।