नाहन : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर नाहन विधानसभा क्षेत्र के तहत आते जामली में 7वें मनीष मेमोरियल खेल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में नाहन के स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा विधायक का भव्य स्वागत किया गया। इस खेल महाकुंभ में कबड्डी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन की विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनका विधायक ने मैदान में जाकर हौसला बढ़ाया।
खिलाड़ियों व युवाओं को संबोधित करते हुए अजय सोलंकी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का एक सशक्त मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर उनमें अनुशासन, परस्पर सहयोग, टीम भावना और जीवन में सकारात्मक सोच विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए प्रबंधन समिति को बधाई दी और सभी भाग ले रहे खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

टूर्नामेंट के दौरान विधायक ने स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों के साथ सीधा संवाद भी स्थापित किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों की पेयजल, सड़कों, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। विधायक ने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए और स्थानीय जनता को आश्वस्त किया कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनता की समस्याओं का निवारण करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।