नाहन : जोगन वाली क्षेत्र में चोरों के हौसले पूरी तरह बुलंद नजर आ रहे हैं। यहाँ ‘सैनी मैगी पॉइंट’ के संचालक विजय सैनी की दुकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया और पिछली टीन को नीचे से काटकर दुकान में रखे हजारों रुपए के खाने-पीने के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
दुकान संचालक विजय सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि चोरों ने शातिर तरीके से दुकान के पिछले हिस्से को काटा और अंदर घुसकर दुकान का कोना-कोना खंगाल डाला। चोरों ने दुकान से नया स्टॉक पूरी तरह साफ कर दिया है। अकेले कुरकुरे और चिप्स का ही करीब 3,000 रुपये का सामान था, जिसे अभी भरवाया गया था, और चोर उसे भी उठाकर ले गए।

इसके अलावा, दुकान में रखे मैगी, बिस्कुट और कोल्ड ड्रिंक्स के क्रेट्स भी गायब हैं। वहीं, रेफ्रिजरेटर (फ्रिज) में रखा सामान और अंडों की पेटी तक नहीं छोड़ी गई, जिससे संचालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। इलाके के लोगों का कहना है कि इस तरह की वारदातों के पीछे क्षेत्र में सक्रिय कुछ नशेड़ी युवकों का हाथ हो सकता है, जो नशे की लत को पूरा करने के लिए अक्सर इस तरह की चोरियों को अंजाम देते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जाए ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।